Chhattisgarh Patwari Recruitment 2026 for 200 vacant posts across 26 districts
Chhattisgarh government approves direct recruitment for 200 Patwari posts across multiple districts.

Chhattisgarh Patwari Recruitment: छत्तीसगढ़ के सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्य के विभिन्न जिलों में पटवारी के 200 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए प्रशासकीय और वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है। इस भर्ती से एक ओर युवाओं के लिए रोजगार का अवसर खुलेगा, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों में राजस्व संबंधी कामकाज को गति मिलने की उम्मीद है।

राजस्व विभाग के आदेश के मुताबिक स्वीकृत 200 पदों को राज्य के 26 जिलों में वितरित किया गया है। जिलों की जरूरत और उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर पदों की संख्या निर्धारित की गई है। सारंगढ़-बिलाईगढ़, गरियाबंद, बालोद, बेमेतरा और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में सबसे अधिक 15-15 पद स्वीकृत किए गए हैं।

इन जिलों में भी रिक्तियां स्वीकृत
बलौदाबाजार-भाटापारा, महासमुंद, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और मुंगेली में पटवारी के 5-5 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है। वहीं कबीरधाम, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, उत्तर बस्तर कांकेर और सकरी में 10-10 पद स्वीकृत किए गए हैं। राजनांदगांव में 8 पदों के अलावा कोंडागांव, नारायणपुर, सुकमा और कोरिया जैसे जिलों में 2-2 पदों को मंजूरी मिली है।

राजस्व कामकाज में आएगी तेजी
पटवारी ग्रामीण स्तर पर भूमि रिकॉर्ड और राजस्व प्रशासन से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों में अहम भूमिका निभाते हैं। सीमांकन, नामांतरण, गिरदावरी और भू-अभिलेख से संबंधित कार्यों में पटवारियों की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण होती है। लंबे समय से कई क्षेत्रों में पदों की कमी के कारण काम प्रभावित होने की शिकायतें सामने आती रही हैं। नई भर्ती से इन कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।

वित्तीय सहमति के बाद जारी हुआ आदेश
जानकारी के अनुसार भर्ती प्रस्ताव को वित्त विभाग की ओर से वित्तीय सहमति मिलने के बाद राजस्व विभाग ने औपचारिक प्रशासकीय स्वीकृति जारी की है। इसके बाद जिला कलेक्टर्स को निर्धारित भर्ती नियमों, आरक्षण प्रावधानों और विभागीय नियमों के तहत आगे की कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

कर्मचारी चयन मंडल के जरिए होगी भर्ती
पटवारी भर्ती की चयन प्रक्रिया छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से कराए जाने की तैयारी है। विभागीय निर्देशों के अनुसार भर्ती प्रस्ताव को चयन मंडल को भेजा जाएगा। ऑनलाइन प्रक्रिया के लिए संबंधित विभागीय पोर्टल पर आवश्यक प्रविष्टियां पूरी की जाएंगी। विस्तृत विज्ञापन जारी होने के बाद ही आवेदन की अंतिम तिथि, परीक्षा कार्यक्रम और अन्य शर्तों की स्थिति स्पष्ट होगी।

युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का नया अवसर
200 पदों की भर्ती की मंजूरी से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों में उम्मीद बढ़ी है। पटवारी पद के लिए आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, कंप्यूटर संबंधी पात्रता, आयु सीमा और अन्य शर्तों की पूरी जानकारी आधिकारिक भर्ती विज्ञापन में जारी की जाएगी। इसलिए अभ्यर्थियों को विज्ञापन जारी होने के बाद ही आवेदन से जुड़ी शर्तों की पुष्टि करनी चाहिए।

आवेदन की तारीख का अभी इंतजार
प्रशासकीय और वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद अब भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण पर नजर है। कर्मचारी चयन मंडल की ओर से आधिकारिक विज्ञापन जारी होने के बाद ऑनलाइन आवेदन की शुरुआत और अंतिम तारीख की जानकारी सामने आएगी। अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे केवल आधिकारिक सूचना के आधार पर आवेदन करें और अपने जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखें।

ग्रामीण प्रशासन को भी मिलेगा फायदा
पटवारियों की नियुक्ति केवल रोजगार के नजरिए से महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में राजस्व प्रशासन को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। जमीन से जुड़े रिकॉर्ड, नामांतरण, सीमांकन और अन्य राजस्व मामलों के निपटारे में कर्मचारियों की उपलब्धता बढ़ने से आम लोगों को राहत मिल सकती है। सरकार के इस निर्णय से विभागीय कार्यक्षमता में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।